मंडीः हिमाचल प्रदेश में एक कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने के चलते उसमें सवार दंपत्ति की मौत होने की खबर सामने आई है। यह दर्दनाक हादसा प्रदेश के मंडी जिले के तहत आते जोगिंद्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल क्षेत्र का है।
हादसे में जान गंवाने वाले पति-पत्नी के नाम सतीश कुमार व सीमा देवी है जो रोपा के रहने वाले हैं। सतीश कुमार लडभड़ोल चौकी में बतौर होमगार्ड तैनात थे, जबकि सीमा देवी एक आगंनबाड़ी वर्कर थी।
100 मीटर लुढ़कते हुए खड्ड में गिरी कार
मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा बीते बुधवार देर रात पेश आया है। जब कार में सवार होकर दोनों पति-पत्नी अपने घर की ओर जा रहे थे। इस बीच रास्ते में उनकी कार अनियंत्रित होकर 100 मीटर लुढ़कते हुए ध्रूण खड्ड में जा समाई। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई।
अगली सुबह लगा हादसे का पता
वहीं, काफी समय बीतने पर भी जब दोनों घर नहीं पहुंचे तो उनके बच्चों तथा परिजनों ने उन्हें तलाशना शुरु किया। इस बीच उनकी कार हादसे का शिकार हुई मिली। हादसे का पता अगली सुबह लगा। सूचना पाकर हादसे की जगह पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ गई।
कड़ी मश्क्कत के बाद निकाला शव बाहर
इस दौरान उन्होंने बड़ी मुश्किल से मृतकों के शवों को वाहन से बाहर निकाला। इस हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम व स्थानीय तहसीलदार भी मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
पुलिस कर रही जांच
इसके साथ ही हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने में जुटी हुई है। उधर, घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बैरिकेडिंग नहीं की गई थी।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks