हिमाचल के स्वतंत्रता सेनानी के पोते ने द्रास में पाई शहादत, पूरे गांव की आंखें नम

Ticker

6/recent/ticker-posts

adv

हिमाचल के स्वतंत्रता सेनानी के पोते ने द्रास में पाई शहादत, पूरे गांव की आंखें नम

सोलन। देवभूमि हिमाचल प्रदेश का एक और लाल देश की सेवा करते हुए शहीद हो गया है। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित नालागढ़ उपमंडल के जगतपुर के जोगो गांव के 41 वर्षीय बटालियन हवलदार मेजर कुलदीप सिंह ने दुनिया के दूसरे सबसे ठंडे इलाके द्रास में शहादत पाई है। 

मिली जानकारी के अनुसार शहीद हुए जवान के दादा स्वतंत्रता सेनानी दोला सिंह थे। अब उनके पोते की शहादत पर पूरा इलाका गमगीन हो उठा है। साल 1999 को सेना में भर्ती हुए कुलदीप सिंह को बचपन से ही देश रक्षा का जज्बा था। शहीद हवलदार मेजर कुलदीप सिंह के भाई सुरिंदर सिंह भी बीएसएफ से रिटायर हुए हैं। इसके इलावा उनके चचरे भाई भी सेना में सेवाएं दे रहे है।

79 मीडियम आर्टिलरी रेजीमेंट में तैनात शहीद कुलदीप सिंह की पार्थिव देह शनिवार को पैतृक गांव पहुंच जाएगा। साल 2005 को रेणु देवी से शादी करने वाले शहीद कुलदीप सिंह अपने पीछे 14 साल की बेटी नवनीत व नौ साल की बेटी अमनदीप के अलावा बुजुर्ग माता-पिता गुरदास सिंह व दया कौर को भी छोड़ गए हैं।

शहीद कुलदीप सिंह ने 'ऑपरेशन स्नो लेपर्ड' के तहत शहादत पाई है। आपको बता दें कि ठंड के दौरान सेना द्वारा इस ऑपरेशन के तहत ही सीमाओं पर चौकसी रखी जाती है। सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक मेजर दीपक धवन ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि 7 जनवरी 2021 की सुबह शहीद कुलदीप सिंह वीरगति को प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार शाम तक पार्थिव देह को पैतृक गांव तक लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ