हिमाचल: पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ मैदान में उतरे कार्यकर्ताओं पर चलेगा बीजेपी का डंडा

Ticker

6/recent/ticker-posts

adv

हिमाचल: पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ मैदान में उतरे कार्यकर्ताओं पर चलेगा बीजेपी का डंडा

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव सिर पर है, इस सबके बीच सूबे में राजनीतिक सरगर्मियां काफी तेज हो गई हैं। एक तरफ जहां सभी राजनीतिक दल अपनी साख बचाने के लिए इस चुनाव में पूरे दमखम के साथ उतरे हैं, तो वहीं सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी लाइन के खिलाफ जाने वाले कार्यकर्ताओं पर कड़ा एक्शन लिया है। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए बुधवार को नाम वापस लेने की अंतिम तिथि थी। 

इस दौरान भाजपा ने जिला परिषद के पद पर पार्टी के समर्थित प्रत्याशियों के खिलाफ नामांकन दायर करने वाले अपनी विचारधारा के प्रत्याशियों के नाम वापस हो सकें, इसलिए हरसंभव प्रयास किया। इसके बावजूद भी जिन प्रत्याशियों ने नाम वापस नहीं लिया है और अभी तक चुनाव में डटे हैं, उन पर क्या कार्रवाई करनी है और कैसे पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को जीत दिलानी है, इसे लेकर मुख्यमंत्री आवास ओकओवर में बुधवार शाम को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ बीजेपी नेताओं ने बैठक की।

इस बैठक में भाजपा के राज्य अध्यक्ष सुरेश कश्यप और संगठन महामंत्री पवन राणा भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि भाजपा अब आने वाले दिनों में ऐसे प्रत्याशियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करनी है, इस पर जल्द ही फैसला लेगी। बतौर रिपोर्ट्स, पार्टी मूल रूप से एक बार फिर से अपने विचारधारा वाले प्रत्याशियों को बिठाने का प्रयास करेगी। बता दें कि सीएम ऑफिस से जुड़े दो नेताओं को दो-दो संसदीय क्षेत्रों का जिम्मा सौंपा गया था।

इस पूरे मसले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मेहता ने कहा है कि टुटू ब्लॉक के जिला परिषद वार्ड हलोग-धामी से आजाद प्रत्याशी सुनीता ठाकुर ने बुधवार को पार्टी समर्थित उम्मीदवार कमलेश शर्मा के पक्ष में अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है। मेहता के अनुसार सुनीता ठाकुर पार्टी की पुरानी और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। 

जिलाध्यक्ष रवि की तरफ से दावा किया गया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इन पंचायतीराज चुनाव के लिए दिन-रात एक कर एकजुटता के साथ कार्य कर रहा है और भाजपा समर्थित प्रत्याशी इन चुनावों में भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की जीत के लिए जुट गए हैं। वहीं, प्रत्याशियों ने भी अपने प्रचार अभियान को गति दे दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ