नई दिल्ली। बीता साल जहां कोरोना महामारी के डर के साए में बीता, वहीं अब नए साल की शुरुआत कोविड वैक्सीन की गुड न्यूज के साथ हुई है। भारत में निर्मित कोविशील्ड और कोवैक्सिन' नाम की वैक्सीन को मंजूरी मिल चुकी है। जिसके बाद अब वैक्सीन को जनता तक पहुंचाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक ऐप जारी किया है। वैक्सीनेशन के लिए तैयार किए गए इस ऐप का नाम CoWIN है। इस मोबाइल ऐप की मदद से वैक्सीन डिलीवरी की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी।
बतौर रिपोर्ट्स, इस ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद ही लोगों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। हालांकि, अभी ये ऐप गूगल प्ले स्टोर या एपल ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं कराया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, अभी तक इस ऐप के फाइनल प्रोडक्शन का काम पूरा नहीं हुआ है।
क्या है कोविन ऐप?
कोविन एप का पूरा नाम कोविड-19 वैक्सीन इंटेलिजेंस नेटवर्क है जो कि eVIN इलेक्ट्रॉनिक वैक्सीन इंटेलिजेंस नेटवर्क का अपग्रेडेड वर्जन है। इस एप्लिकेशन का काम पूरा होने के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से इसे गूगल प्ले स्टोर और एपल ऐप स्टोर पर यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार कोविन ऐप पर वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके रजिस्ट्रेशन की प्रोसेस कुछ इस तरह की होगी।
- कोविन की ऑफिशियल वेबसाइट पर सेल्फ रजिस्ट्रेशन के लिए फोटो और आईडी की जरूरत होगी।
- आईडी में वोटर आईडी, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और पेंशन डॉक्युमेंट का इस्तेमाल कर पाएंगे।
- रजिस्ट्रेशन के दौरान अपने मोबाइल नंबर की जानकारी भी देनी होगी।
- रजिस्ट्रेशन होते ही SMS के जरिए वैक्सीनेशन की डेट, टाइम और जगह दी जाएगी।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks