कांगड़ा में चौकीदार की संदिग्ध मौत; कालाअंब में ESIC डिस्पेंसरी के फार्मासिस्ट ने गंवाई जान

Ticker

6/recent/ticker-posts

adv

कांगड़ा में चौकीदार की संदिग्ध मौत; कालाअंब में ESIC डिस्पेंसरी के फार्मासिस्ट ने गंवाई जान

कांगड़ा/सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित पुलिस थाना भवारना के तहत आने वाले क्षेत्र गढ़ -जमुला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के नाइट चौकीदार की स्कूल के चौकीदार के कमरे में संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमोर्टम के लिए भेज दिया गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार गढ़ -जमुला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में तैनात संदीप कुमार निवासी गढ़ रोज की तरह अपनी रात्रि ड्यूटी देने स्कूल आया लेकिन जब सुबह दिन के समय ड्यूटी देने वाले दूसरे कर्मचारी ने आकर उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया तो उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद कर्मचारी ने इस बात की सूचना स्कूल के प्रिंसिपल को दी। जिसके बाद प्रिंसिपल ने पुलिस को इस बारे में सूचित किया। भवारना पुलिस ने मौके पर पहुंच दरवाजा तोड़ कर जब अंदर देखा तो संदीप कुमार मृत अवस्था में पाया गया। शुरुआती जांच में इस बात का अनुमान लगाया जा रहा है कि कमरे में करंट लगने के कारण संदीप कुमार की मौत हुई होगी। 

कालाअंब में हादसा: ESIC डिस्पेंसरी के फार्मासिस्ट ने गंवाई जान 

सिरमौर जिले स्थित कालाअंब-नाहन मार्ग पर मोगीनंद के समीप एक बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण ESIC डिस्पेंसरी में कार्यरत फार्मासिस्ट की दुखद मौत हो गई। मृतक की पहचान हरियाणा के कुरुक्षेत्र जनपद के थानेसर के रहने वाले 57 वर्षीय निर्मल सिंह पुत्र प्रीतम सिंह के तौर पर की गई है। ESIC डिस्पेंसरी में अपनी सेवाएं शुरू करने से पहले निर्मल सिंह इंडियन नेवी में तैनात थे।

पुलिस को हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम से मिली। घायल अवस्था में निर्मल सिंह को मेडिकल काॅलेज लाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसका निधन हो गया। शव को पोस्टमार्टम के बाद बुधवार दोपहर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ