शिमला। हिमाचल प्रदेश में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीख का ऐलान कर दिया है। प्रदेश में स्कूली परीक्षाएं चार मई से शुरू होंगी। यह ऐलान शिक्षा मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर द्वारा किया गया है। शिक्षा मंत्री ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के कारण उत्पन्न स्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा यह फैसला सीबीएसई की परीक्षा तिथियों की घोषणा तथा पिछले दिनों सरकार, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, अध्यापकों एवं अभिभावकों के साथ हुई चर्चा के बाद लिया गया है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए स्कूलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। वहीं, स्कूलों में भीड़ जमा ना हो, इसके लिए नॉन-बोर्ड कक्षाओं की परीक्षाएं 10 अप्रैल, 2021 से आयोजित कराई जाएंगी। इसी तरह 10वीं एवं 12वीं कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं 4 मई, 2021 से ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएंगी।
शिक्षा मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर ने आगे बताया कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षाओं की डेट शीट शीघ्र जारी कर दी जाएगी। वहीं, प्रैक्टिकल परीक्षाएं 15 से 30 अप्रैल, 2021 के बीच आयोजित की जाएंगी। बता दें कि फरवरी तक स्कूलों में छुट्टियों की घोषणा प्रदेश सरकार द्वारा पहले ही की जा चुकी है। इसी तरह कोरोना के चलते हिमाचल में सभी कॉलेज भी बंद ही चल रहे हैं।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks