कांगड़ा/शिमला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पाए गए बर्ड फ्लू के घातक एच5 एन1 वायरस का खतरा पक्षियों के अलावा इंसानों पर भी मंडरा रहा है। इसी बात को मद्देनजर रखते हुए कांगड़ा जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रदेश सरकार से एहतियातन इंसानों में बर्ड फ्लू की टेस्टिंग के लिए इजाजत मांगी है।
वहीं, अगर जांच के दौरान किसी व्यक्ति में बर्ड फ्लू के लक्षण पाए जाते हैं, तो उसका समय पर उपचार करने के लिए विभाग की तरफ से यह कदम उठाया है। इसके अलावा जिला प्रशासन की तरफ से फील्ड कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि फ्लू के लक्षण मिलने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें।
मिली जानकारी के अनुसार विभाग की तरफ से एच5 एन1 फ्लू को हराने के लिए कांगड़ा जिले में ब्लॉक स्तर पर दवाइयां पहुंचा दी गई हैं। वहीं, आयुर्वेद विभाग लोगों की इम्युनिटी बढ़ाने के लिए उन्हें घरेलू नुस्खे और आयुर्वेदिक काढ़ा इस्तेमाल करने की सलाह दे रहा है। इस बारे में अधिकारियों का कहना है कि अपने घर में भी लोग तुलसी, लौंग, काली मिर्च और आंवले का काढे में इस्तेमाल कर अपनी इम्युनिटी बूस्ट कर सकते हैं।
बता दें कि किसी भी फ्लू से बचने के लिए इम्युनिटी और विटामिन-सी लेना बेहद जरूरी है। वहीं, अगर किसी व्यक्ति में बर्ड फ्लू से ग्रस्त होने के लक्षण पाए जाते हैं तो वे दूसरे लोगों से दूरी बनाए रखें। वहीं, अगर आपमें इस फ्लू के लक्षण पाए जाते हैं तो आप मास्क का इस्तेमाल जरूर करें और मांस, मछली और अंडे खाने से परहेज करें। वहीं, अगर आप फ्लू के लक्षण से ग्रस्त पाए जाने के बावजूद भी अगर आप लापरवाही बरतते हैं तो यह फ्लू अन्य लोगों में भी आसानी से फैल सकता है।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks