शिमला। हिमाचल प्रदेश में आए दिन साइबर ठगी के मामले सामने आते रहते हैं। इस तरह की वारदातों को अंजाम देने वाले ठग इतने होशियार होते हैं कि एक तरीके से ठगी करने के बाद जब उस उसके बारे में जनता जागरूक होने लग जाती है, तो यह ठग कोई नया रास्ता ढूंढ निकालते हैं। कुछ ऐसा ही इन दिनों हिमाचल प्रदेश में देखने को मिल रहा है। दरअसल, ये शातिर अपराधी इन दिनों सूबे की जनता को बिलकुल नए तरीके से चूना लगा रहे हैं। इसको लेकर स्टेट साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
जानें इस एडवाइजरी में क्या कहा गया है
पुलिस की तरफ से जारी की गई एडवाइजरी में कहा गया है कि लोगों को किसी भी अंजान नंबर से आए किसी लिंक या मेसेज पर भरोसा नहीं करना चाहिए और न ही उन्हें किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक करना चाहिए। क्योंकि इस लिंक पर क्लिक करते ही उनका फोन हैक भी हो सकता है और उनके बैंक खाते से सम्बन्धी सारी जानकारी साइबर अपराधी तक पहुंच सकती है। इसके अलावा किसी भी अंजान व्यक्ति से ऑनलाइन माध्यम से कभी भी संपर्क कर निजी जानकारी साझा न करने की हिदायत भी इस एडवाइजरी में दी गई है।
जानें किस नए तरीके से ठगी कर रहे हैं ये शातिर
इन दिनों साइबर ठग एसएमएस भेजकर बैंक खाते में बड़ी रकम डालने की जानकारी लोगों के पास भेजते हैं। इसके साथ ही ये ठग एक लिंक भी भेजते हैं जिससे आधार या पैन कार्ड का वेरिफिकेशन करने का झांसा लोगों को दिया जाता है। अब जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है तो उसके बैंक खाते से जुडी सारी जानकारी हासिल कर ये अपराधी साइबर ठगी को अंजाम दे देते हैं। हिमाचल में बीते कुछ दिनों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें आधार और पैन कार्ड वेरिफिकेशन के नाम पर लिंक भेज लोगों से ठगी करने की कोशिश की गई है।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks