जयराम कैबिनेट लाइव: आयोजनों में 50 लोगों वाला नियम अब भी जारी, पर यहां मिली छूट

Ticker

6/recent/ticker-posts

adv

जयराम कैबिनेट लाइव: आयोजनों में 50 लोगों वाला नियम अब भी जारी, पर यहां मिली छूट

शिमला। हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य सचिवालय में आयोजित की गई कैबिनेट बैठक के दौरान सोशल गैदरिंग में किसी भी प्रकार की छूट नहीं देने का फैसला किया गया है। हालांकि, राज्य चुनाव आयोग के आग्रह पर चुनाव से संबंधित बैठकों व ट्रेनिंग में इस नियम से छूट देने का फैसला किया गया है। 

फाइव डे वीक पर भी सरकार ने लिया निर्णय 

वहीं, बैठक के दौरान सरकारी दफ्तरों में फाइव डे वीक के नियम को खत्म करने का भी निर्णय लिया गया है। ऐसे में अब कर्मचारी पूरे छह दिन कार्यालय में जाएंगे और काम करेंगे। 

राज्य में कोविड-19 की परिस्थिति के दृष्टिगत कैबिनेट ने आईजीएमसी शिमला, सीएचसी नालागढ़ और डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में मेक शिफ्ट अस्पतालों को कार्यशील बनाने का निर्णय लिया। इसके लिए वार्ड सिस्टर, स्टाफ नर्सों और चतुर्थ श्रेणी को कुछ समय के लिए आउटसोर्स आधार पर जबकि चिकित्सा अधिकारियों की व्यवस्था नई भर्ती या सीधे वॉक इन इंटरव्यू के माध्यम से की जाएगी। 

कैबिनेट ने राज्य में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, हिम केयर योजना और राजकीय चिकित्सा प्रतिपूर्ति योजना के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए निजी अस्पतालों के पंजीकरण के लिए सिंगल विंडो मनोनयन शुरू करने को भी स्वीकृति प्रदान की। कैबिनेट के समक्ष बागवानी विभाग ने मार्च, 2021 तक छह माह के लक्ष्यों और अप्रैल, 2021 से मार्च, 2022 तक के लक्ष्यों के बारे में प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर पशु पालन विभाग ने भी बर्ड फ्लू के बारे में प्रस्तुति दी।  कैबिनेट ने स्वास्थ्य और पशु पालन विभाग को  बर्ड फ्लू की उचित दवाओं और कर्मचारियों के लिए पीपीई किट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का परामर्श दिया। कैबिनेट ने उपायुक्त जिला कांगड़ा की ओर से आवागमन के लिए लगाए गए प्रतिबंधों की सख्ती से अनुपालना करने की सलाह दी।

कैबिनेट ने भारत में कोरोना वैक्सीन के उपयोग को अनुमति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करने के लिए प्रस्ताव पारित किया। इससे भारत विश्व के अन्य देशों में अग्रणी बना है।  कैबिनेट ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत वैक्सीन के उत्पादन के लिए देश के वैज्ञानिकों का भी आभार व्यक्त किया। कैबिनेट ने अमेरिका की डेटा फर्म मॉर्निंग कंसल्ट की ओर से देश में कोविड-19 महामारी को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया भर में सर्वश्रेष्ठ और सबसे लोकप्रिय राजनेता आंके जाने पर बधाई दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ