मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बड़ा ही अनोखा लेकिन दर्दनाक मामला सामने आया है। दरअसल, यहां स्थित पंडोह के पास पंडोह से सरोआ जाने वाली सड़क के किनारे झाडिय़ों से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव के पास शराब की 2 बोतलें और कुछ खाने का सामान भी मिला है। 

एक बोतल आधे से ज्यादा खाली है जबकि दूसरी बोतल भरी हुई है। ऐसे में इस बात का अनुमान लगाया जा रहा है कि जरुरत से ज्यादा शराब पीने और ठंड लगने के कारण व्यक्ति की मौत हुई होगी।

वहीं, शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों द्वारा सूचना पाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृकत के पास से किसी भी तरह का कोई भी कागजात ना मिल पाने के कारण अबतक उक्त शख्स की पहचान नहीं हो पाई है। 

शव देखने पर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मृतक की उम्र 40 से 50 साल के बीच होगी। पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शख्स की पहचान करने के लिए आसपास की पंचायतों में पता किया गया लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली है। शव की शिनाख्त करवाने का कार्य जारी है। वहीं, पुलिस मामले की छानबीन करने में भी जुटी हुई है।