शिमला/रामगढ़। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से वापस अपने झारखंड लौट रहे प्रवासी को ट्रेन में खुशियों का खजाना मिल गया। रास्ते में पड़ने वाले बरकाकाना स्टेशन पर रेलकर्मियों के सहयोग से राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में प्रवासी की गर्भवती पत्नी ने नन्ही परी को जन्म दिया।
स्टेशन मास्टर ने इस बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन में सफर कर रही एक महिला मीना देवी को प्रसव पीड़ा होने लगी, जिसकी सूचना एस्कॉर्ट कर रहे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने वरीय पदाधिकारियों को दी।
इसके बाद बरकाकाना रेलवे स्टेशन पर चिकित्सकों की पूरी टीम स्टेशन पर ट्रेन आने का इंतजार करने लगी। ट्रेन के बरकाकाना स्टेशन पहुंचते हीं उसे ऑपरेशन थिएटर का रूप देकर रेल डिब्बे में ही डॉक्टरों ने महिला का प्रसव कराया तो ट्रेन में नवजात शिशु की किलकारियां गूंज उठी।
स्टेशन मास्टर ने आगे बताया नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस सुबह 7:20 पर बरकाकाना स्टेशन आई, जिसे 8:05 में खुलना था लेकिन महिला को प्रसव कराने के लिए ट्रेन की एक बोगी को हीं ऑपरेशन थियेटर का रूप दिया गया था। चिकित्सकों की टीम ने सफलता पूर्वक महिला का प्रसव कराया। जिसकी वजह से राजधानी एक्सप्रेस 45 मिनट विलंब से 8:50 बजे रांची के लिए खुली।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks