शिमला। हिमाचल से बाहर की जा रही नशा तस्करी की हजारों ख़बरें आपने पढ़ रखी होंगी, लेकिन आज हम आपको जिस मामले के बारे में बताने जा रहे हैं उसे पढ़कर आपको पता चलेगा कि हिमाचल में भी विदेश से नशे की तस्करी की जाती है। बतौर रिपोर्ट्स, नेपाल से इंटरनेशनल बॉर्डर पार कर शिमला के पर्यटकों तक नशा पहुंचाने के गोरखधंधे को पुलिस ने बेनकाब किया है।
मिली जानकारी के अनुसार नेपाल में खेतों से इकठ्ठा की गई ए-वन ग्रेड की करीब पांच किलो अफीम का बाजारी मूल्य 12 लाख रुपए से अधिक है जिसे खेतों से डायरेक्ट हिमाचल पहुंचाया जा रहा था लेकिन इस बार इस पूरी तस्करी को अंजाम दे रहे दोनों आरोपी लालडू पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा इस पूरे मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि लाखों की रुपए की अफीम थैलों में लेकर नेपाली मूल के आरोपी जंग कंवर पुत्र गोपाल और काली बहादुर रावत पुत्र हरक बहादुर प्राइवेट व रोडवेज वाहनों में लाते थे।
आरोपी इंटरनेशनल बॉर्डर सहित भारत के अंतर्राज्यीय बॉर्डर पैदल पार करते थे। लेकिन इस बार वे पंजाब-हरियाणा बॉर्डर भी पैदल पार कर सरसीणी तक पहुंचे थे जहां पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने उन्हें धर लिया। उनके पा से दो थैलों से बरामद कुल 4 किलो 900 ग्राम अफीम उच्च गुणवत्ता की बताई गई है जिसके सैंपल जांच के लिए केमिकल लैब में भेजे गए हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि शिमला में अलग अलग होटलों में टूरिस्ट को सप्लाई करने के लिए उनके हिमाचल में स्थानीय खरीदार हैं। इससे पहले भी आरोपी एक बार इसी तरह अफीम की बड़ी खेप शिमला पहुंचा चुके हैं। अब बताया जा रहा है कि पुलिस शिमला में अफीम खरीदारों के यहां हिमाचल पुलिस की मदद से दबिश करेगी तो और बड़े खुलासे होने की संभावना है।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks