शिमला। हिमाचल प्रदेश के एक विभाग में भर्ती और प्रमोशन के नियम बदलने वाले हैं। यह विभाग कोई और नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश का फॉरेंसिक विभाग है। दरअसल, हिमाचल प्रदेश फॉरेंसिक निदेशालय ने कुछ कर्मचारियों के लिए आरएंडपी रूल में बदलाव किया है। अब इस वजह से विभाग में कार्यरत कई कर्मचारी प्रभावित होंगे। वहीं, इस बदलाव की वजह से कई कर्मचारी प्रमोट होने से भी वंचित हो जाएंगे।
मिली जानकारी के मुताबिक़ हिमाचल प्रदेश फॉरेंसिक निदेशालय की ओर से भर्ती व पदोन्नति नियमों में सभी वर्गों के लिए संशोधन किया जा रहा है। जिसके तहत फॉरेंसिक विषय की शैक्षणिक योग्यता को अनिवार्य किया जा रहा है। इससे सालों से पदोन्नति का इंतजार कर रहे विभाग में कार्यरत कर्मचारी व अधिकारियों में रोष का माहौल है।
विभाग से जुड़े सूत्रों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक़ इन नियमों को काफी गोपनीय तरीके से बदला जा रहा है। कार्यालय के कर्मचारियों का कहना है उनको न तो अपनी बात रखने का मौका दिया जा रहा है और न ही विभागीय कमेटी की सिफारिश पर ध्यान दिया जा रहा है।
वहीं, कर्मचारियों द्वारा सरकार को भी इस पूरी वस्तुस्थिति से दूर रखने का भी आरोप जड़ा गया है। कर्मचारियों की मानें तो साल 2019 में सभी पदों के लिए बनाए नियमों में शत-प्रतिशत सीधी भर्ती की बात कही गई है, जोकि नियम विरुद्ध व एक मजाक की तरह है। वहीं, कर्मचारियों ने हिमाचल प्रदेश फॉरेंसिक निदेशालय से उन्हें राहत पहुंचाने की मांग की है।
वहीं इस संदर्भ में विभाग के आला अधिकारियों का कहना है कि आरएंडपी रूल्ज में किया गया बदलाव उनके ध्यान में है। उनकी मानें तो इस बदलाव से वर्षों से विभाग में सेवाएं दे रहे कर्मचारी प्रभावित नहीं होंगे। बताया गया कि यह बदलाव नई भर्तियों के लिए किया गया है। फॉरेंसिक विभाग ने प्रदेश सरकार से राज्य में फॉरेंसिक साइंस की पढ़ाई शुरू करने के लिए अपनी बात रखी है। उम्मीद है कि जल्द ही प्रदेश में फॉरेंसिक साइंस की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks