हिमाचल के बेटे ने भारत के टॉप 10 अरबपतियों में बनाई जगह, जानें कौन है जय चौधरी

Ticker

6/recent/ticker-posts

adv

हिमाचल के बेटे ने भारत के टॉप 10 अरबपतियों में बनाई जगह, जानें कौन है जय चौधरी


शिमला। हिमाचल प्रदेश में रहने वाले किसान के बेटे जय चौधरी ने कड़ी मेहनत के दम पर भारत के टॉप टेन अरबपतियों में जगह बनाते हुए पूरे प्रदेश का नाम ऊंचा किया है और सूबे के युवाओं के सामने एक बड़ी मिसाल पेश की है। 

हिमाचल के सरकारी स्कूल से पढ़कर उच्च शिक्षा हासिल करने अमेरिका गए जय चौधरी आज दुनिया के अरबपतियों की सूची में 577वें स्थान पर हैं। वहीं, देश के अरबपतियों की सूची में 9वें स्थान पर हैं। 


हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के पनोह गांव से संबंध रखने वाले जय चौधरी अमेरिका में जी स्केलर कंपनी के सीईओ हैं। जय चौधरी का असली नाम जगतार सिंह चौधरी है। ऊना के ही सरकारी स्कूलों में पढ़कर हमेशा अव्वल रहने वाले जगतार सिंह अमेरिका में जाकर जय चौधरी बन गए और आज वो विश्व के अमीरों की सूची में शामिल हो गए है। 


जय चौधरी के पिता भगत सिंह पनोह गांव के प्रधान रह चुके हैं। हल चलाकर अपने बच्चों को शिक्षा प्रदान करने वाले भगत सिंह अपनी धर्मपत्नी के साथ इन दिनों अमेरिका में ही रहते हैं। जय चौधरी की प्रारंभिक शिक्षा पनोह से ही हुई है। इसके बाद कई किलोमीटर रोजाना पैदल सफर तय कर धुसाड़ा में आगामी शिक्षा ली। आठवीं कक्षा में प्रदेशभर में तीसरे स्थान पर रहे। जबकि दसवीं में प्रदेशभर में दूसरा स्थान हासिल किया।

ऊना कॉलेज से शिक्षा ग्रहण कर यहां भी टॉप किया। इसी की बदौलत वाराणसी आईआईटी में उन्हें बीटेक की सीट मिली। यहां से पढ़ाई पूरी करने के बाद 80 के दशक में एमटेक के लिए अमेरिका गए। जय चौधरी आज भी क्षेत्र में समाजसेवा में अपना सहयोग देते है और जिन जिन स्कूलों में वो पढ़े है उनमें सुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहते है। 


किसान पिता के घर जन्मे जय चौधरी को इस मुकाम तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का भी सामना करना पड़ा, लेकिन जय चौधरी ने कभी हिम्मत नहीं हारी और अपना मुकाम हासिल कर लिया।


हिमाचल प्रदेश से जुडी हर अपडेट पाने के लिए यहां क्लिक कर डाउनलोड करें News 4 Himalayans का मोबाइल एप 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ