हमीरपुर: सड़क के शिलान्यास बोर्ड पर नेता का नाम छोटे शब्दों में लिखना पेंटर को भारी पड़ गया और नेता जी ने पैसा देने से मना कर दिया। मामला हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र का है।
नेता जी का नाम था छोटा:
मिली जानकारी के अनुसार विधानसभा क्षेत्र नादौन के अंतर्गत रैल से पुतड़ियाल संपर्क सड़क का कार्य शुरू करने के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रदेश सरकार से बजट स्वीकृत हुआ। 9 अप्रैल 2021 को इस सड़क का शिलान्यास नादौन के पूर्व विधायक और एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री के हाथों होना था।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के दिव्यांग मॉडल ने रचाई बिहारी युवती से शादी: इलाज के दौरान हुआ था प्यार
शिलान्यास पट्टी के निर्माण का आर्डर पेंटर देव मिन्हास को दिया गया। इस काम के लिए उसने 1500 रूपए की मांग की। लोनिवि के कर्मचारी पेंटर के घर बोर्ड लेने पहुंचे तो उन्होंने बताया कि इस बोर्ड में भूमि पूजन करने वाले नेता का नाम काफी छोटे अक्षरों में लिखा है। इसलिए बोर्ड पर लिखे गए शब्दों को मिटाकर दोबारा बड़े अक्षरों में नाम लिखा जाए।
चार महीने से चक्कर लगा रहा है पेंटर:
पेंटर ने बताया कि सुबह 10 बजे भूमि पूजन है, इसलिए अगर अब दोबारा से इस पर पेंट करेंगे तो बोर्ड को सुखाने और दोबारा से नाम लिखने में काफी लंबा समय लग जाएगा। इस पर लोनिवि के कर्मचारी बोर्ड ले गए और भूमि पूजन करवा लिया। लेकिन उसके बाद पेंटर को भुगतान नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: एक दिन में दो जगहों पर पलटी सेब लदी गाड़ियां, एक खाई में गिरी- दूसरी ढांक में जाने से बची
पेंटर का कहना है कि उसने पिछले चार माह से कई बार विभाग का चक्कर लगाया है। लेकिन बार-बार भुगतान के नाम पर टाल दिया जा रहा है। जिससे तंग आकर पेंटर ने सोशल मीडिया पर उस बोर्ड की तस्वीर डाल कर पूरा मामला बताया साथ ही पूछा कि इसमें मेरी क्या गलती है।
विभाग का ये है पक्ष:
लोनिवि के एसडीओ नरेश कुमार ने कहा कि जिस पेंटर ने बोर्ड लिखा है, उसके साथ लोनिवि का कोई अनुबंध नहीं है। विभाग ने पैनल में शामिल एक पेंटर को यह काम दिया था।
उसने आगे किसी अन्य पेंटर को यह काम दे दिया। कई बार बिल की मांगे गए, लेकिन बिल नहीं दिए गए। पैसों का भुगतान विभाग नहीं पेंटर करेगा, जिसके साथ विभाग की बात हुई है। संबंधित पेंटर बेवजह विभाग को बदनाम कर रहा है।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks