पटियाला : पंजाब की पटियाला पुलिस ने महिलाओं के एक गिरोह को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह भीड़भाड़ वाली जगहों पर लोगों के हाथों व गले से सोने के जेवर काटने का काम करती है। हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कई शहरों में इस गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है।
80 साल की बुजुर्ग महिला है लीडर:
मिली जानकारी के अनुसार पटियाला पुलिस ने चार महिलाओं को हिरासत में लिया है। जिसकी सरगना 80 साल की एक बुजुर्ग महिला है, उसे भी गिरफ्तार किया गया है।
अन्य आरोपी की पहचान सीमा उर्फ रानो (55 साल) निवासी गांव शेरमाजरा पसियाणा, देबो (80 साल) निवासी गांव रोहटी छन्ना नाभा, सुखवंत कौर उर्फ सुक्खो (45 साल) निवासी गांव बिजलपुर समाना और सीमा (45 साल) निवासी शेरमाजरा के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: CM जयराम ने दी बड़ी खुशखबरी; एशियन विकास बैंक की 2095 करोड़ रुपए की परियोजना मंजूर
सीआइए स्टाफ पटियाला के इंचार्ज शमिदर सिंह और एएसआइ शिदरपाल सिंह व पुलिस पार्टी ने अनाज मंडी थाना इलाके से इन्हें गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान एक कटर बरामद किया गया है, जिसे लेकर यह गिरोह वारदात की तैयारी में था।
ऐसे करती थी लूट:
पुलिस टीम इन चारों महिलाओं को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। इस दौरान इन्होने बताया कि ये लोग मेले, धार्मिक स्थान, समारोह, गुरुद्वारा साहिब व बसों में सफर करते थे। भीड़ में दो महिलाएं आगे व दो महिलाएं पीछे रहती थी।
मौका पाते ही ये लोग भीड़ में शामिल लोगों के सोने के गहने काट लेते थे और पर्स भी चोरी कर लेते थे। वारदात के बाद सामान को यह लोग बुजुर्ग महिला के हवाले कर देते थे, जिसके बाद बजुर्ग महिला फरार हो जाती थी। बुजुर्ग होने पर कोई उस पर शक भी नहीं करता था।
मां-बेटी ने मिलकर बनाया गैंग:
गिरोह में शामिल चारों महिलाएं विधवा हैं, जिनके पतियों की मौत हो चुकी है। आरोपित सुखवंत कौर उर्फ सुक्खो अपनी मां देबो के साथ मिलकर वारदातें करती थी और सभी आरोपित अपने मायके में ही रहती हैं।
आरोपित देबो का बेटा नशा तस्करी के मामले में हरियाणा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं सुखवंत के दोनों बच्चे आइलेट्स कर विदेश जाने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के इस जिले में सस्ते राशन की दुकान खोलने का मौका: करें अप्लाई, ये है लास्ट डेट
आरोपित सीमा रानी उर्फ रानो के खिलाफ पटियाला, संगरूर, होशियारपुर, एसएएस नगर मोहाली, फतेहगढ़ साहिब में 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। आरोपित देबो के खिलाफ बनूड़, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मोगा, थानेसर, मोहाली, सिरसा हरियाणा के अलावा नंगल में 11 के करीब मामले दर्ज हैं।
आरोपित देबो करीब बीस साल से वारदातें कर रही हैं। सुखवंत कौर के खिलाफ पटियाला के अलावा हिसार हरियाणा में छह और सीमा के खिलाफ सात मामले दर्ज हैं।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks