शिमला: हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में होने वाली राज्य मंत्री मंडल की अगली बैठक की डेट फाइनल हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार आगामी 14 जनवरी को इस बैठक का आयोजन किया जाना तय हुआ है।
माना जा रहा है सूबे में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों के बीच प्रदेश की जयराम सरकार वीकेंड कर्फ्यू लगाने का ऐलान कर सकती है। गौर रहे कि स्वास्थ्य सचिव की तरफ से इस बात का दावा किया गया था कि आने वाले दिनों में कोरोना संक्रमण की स्थिति और भयावह हो सकती है।
वीकेंड कर्फ्यू पूरे सूबे में:
ऐसे में संक्रमण की इस चेन को तोड़ने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा सूबे में वीकेंड कर्फ्यू लगाया जा सकता है। गौरतलब है कि कोरोना की मौजूदा स्थिति को देखते हुए जयराम सरकार ने पहले ही नाइट कर्फ्यू और सरकारी कार्यालयों में 50 फीसदी स्टाफ के साथ फाइव डे वीक व्यवस्था लागू कर दी है।
हालांकि, इसके बावजूद प्रदेश में लगातार केसों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इस वजह से स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन सेल पहले ही सख्ती बढ़ाने की सिफारिश कर चुके हैं।
13 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश भर के 19 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक कर हालात पर चर्चा करेंगे।
इसके बाद सरकार कैबिनेट बैठक में बंदिशों को लेकर बड़े फैसले ले सकती है। पर्यटकों को लेकर भी कुछ बंदिशें लगाने और विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर भी चर्चा हो सकती है।
घरों में ही रहेंगे संक्रमित मरीज:
प्रदेश में ज्यादातर कोरोना पॉजिटिव लोग घरों में ही आइसोलेट रहेंगे। प्रदेश सरकार की ओर से इन्हें घरों में ही किट उपलब्ध कराई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी वर्कर प्रतिदिन पॉजिटिव लोगों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेंगे। स्थिति खराब होने पर ही इन्हें अस्पताल लाया जाएगा।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks