बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के अंतर्गत आते धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक विशाल नेहरिया के खिलाफ एक बार फिर से उनकी एचएएस अधिकारी पत्नी ओशिन शर्मा ने एक बार फिर गंभीर आरोप जड़े हैं। अब इन आरोपों से एक बात तो साफ़ हो जाती है कि बीते साल दोनों के रिश्ते में ठनी अनबन अबतक नहीं सुलझ सकी है।
वहीं, इन आरोपों ने एक बार फिर से युवा विधायक विशाल नेहरिया के राजनीतिक भविष्य दो राहे पर खड़ा कर दिया है। दरअसल, इस बार उनकी पत्नी ओशीन ने मीडिया के सामने कहा है कि उन्हें धमकाया जा रहा है। बिलासपुर जिले में पत्रकारों से बातचीत के दौरान एचएएस पत्नी ने विशाल नेहरिया पर उनको फॉलो करने और धमकाने का आरोप लगाया है।
बकौल ओशीन, जोगिंदरनगर में भी विशाल ने उनको फॉलो करने की कोशिश की। उन्होंने इसकी शिकायत एएसपी कांगड़ा से भी की थी। ओशीन ने आगे बताया कि इसके बाद हमीरपुर में भी ट्रेनिंग के दौरान विशाल रात को सर्किट हाउस पहुंच गए और उनके कमरे के बाहर खड़े होकर डराने की कोशिश की। ओशीन के अनुसार उन्होंने इस बारे में एसपी हमीरपुर को भी सूचना दी।
बीते साल ही हुई शादी और कुछ ही महीनों में...
विशाल नहेरिया और ओशिन की शादी 26 अप्रैल, 2021 को हुई थी। शादी के दो माह बाद ही पत्नी ओशीन ने उन पर मारपीट के आरोप लगाए थे। 2019 बैच की एचएएस अधिकारी ओशिन शर्मा का आरोप था कि उनके विधायक पति विशाल नेहरिया उनके साथ मारपीट करते हैं। इतना ही नहीं, एचएएस अधिकारी ओशिन शर्मा ने अपने विधायक पति पर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए।
ओशिन शर्मा ने अपने साथ हो रहे अमानवीय बर्ताव के दो वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिए थे। वीडियो में ओशिन शर्मा ने अपने साथ हुई मारपीट के जख्म भी दिखाए थे। ओशिन ने वीडियो में अपने प्रेम प्रसंग से लेकर अब तक के विवाद के बारे में पूरी जानकारी दी थी कि कॉलेज टाइम में भी विशाल नैहरिया उनके साथ मारपीट करते थे, जिससे तंग आकर वह उनसे अलग हो गई थीं।
हालांकि, इसके बाद विधायक विशाल नेहरिया ने भी इस विवाद को लेकर एक वीडियो जारी किया था। उन्होंने इस 5 मिनट से ज्यादा समय के वीडियो में माना कि पत्नी से मारपीट की थी, साथ ही वीडियो में उन्होंने अपनी पत्नी और उनके परिवार से माफी मांगी थी। उन्होंने फिर से पत्नी के साथ रहने की अपील की थी।






0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks