शिमला: हिमाचल प्रदेश में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच प्रदेश सरकार के कैबिनेट की बैठक कल शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अध्यक्षता में होनी है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग को भी कोरोना की स्थिति को लेकर रिपोर्ट सौंपनी है।
प्रदेश में एक्टिव केस पांच हजार के पार पहुंच चुके हैं। दो दिनों से लगातार एक हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। मंगलवार शाम को यह आंकड़ा डेढ़ हजार के भी पार हो गया।
ऐसे में तय माना जा रहा है कि प्रदेश सरकार स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए कुछ और बंदिशें लगा सकती है। जिसका फैसला कल की कैबिनेट बैठक में लिया जाना है।
लग सकती हैं ये पाबंदियां:
- व्यापारिक प्रतिष्ठानों व प्राइवेट आफिस के लिए भी फाइव डे वीक का निर्देश लागू हो सकता है। सरकारी कार्यालय पर यह पाबंदी लागू है।
- अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटकों सहित अन्य लोगों पर के प्रवेश पर सख्ती हो सकती है।
- सरकार कोविड की नेगेटिव रिपोर्ट दिखाने पर ही एंट्री देने पर विचार कर सकती है।
- अभी हिमाचल के किन्नौर जिला में बिना आरटीपीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट के एंट्री नहीं दी जा रही है।
- सार्वजनिक परिवहन जैसे बसों में भीड़ जुटाने पर भी रोक लग सकती है।
- सूबे में कुछ जिलों में ज्यादा मामले आए हैं और यहां पर वीकएंड कर्फ्यू लगाया जा सकता है। कांगड़ा, सोलन, हमीरपुर और शिमला में एक्टिव केस ज्यादा हैं और यहां मामले भी अधिक आ रहे हैं। ऐसे में इन चार जिलों में सख्ती बढ़ाई जा सकती है।
- स्टैंडिंग सवारियां ले जाने पर रोक लगना तय है।
- शारीरिक दूरी के नियम को ध्यान में रखते हुए और फैसला भी लिया जा सकता है।
- अभी हिमाचल में रात दस से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू है। नाइट कर्फ्यू की समय सीमा भी बढ़ाई जा सकती है।
अभी शाम सात बजे तक बाजार बंद रखने का आदेश है। कोविड के मामले नियंत्रित नहीं हुए तो सरकार को और सख्ती बरतनी ही पड़ेगी।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks