ऊनाः हिमाचल प्रदेश में कोरोना मामलों में आई वृद्धि कहीं ना कहीं सरकार व प्रशासन की चिंता का विषय बना हुआ है। इस बीच बात करें ऊना जिले की तो यहां कोविड केसिस में छः गुना वृद्धि हुई है। इस वजह से जिले में होने वाली पुलिस भर्ती को अनिश्चितकाल तक स्थगित किया गया है। कोरोना मामलों में आई बढ़ोतरी को मद्देनजर रखते हुए कुछ प्रशासनिक निर्णय भी लिए गए हैं। ताकि कोरोना के बढ़ते मामलों पर काबू पाया जा सके।
इस संबंध में आज यानी सोमवार को डीआईजी सुमेधा द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया है कि प्रदेश सरकार के आगामी आदेश के बाद ही भर्ती का आयोजन किया जाएगा। हालांकि, 5 और 7 जनवरी को जिन युवाओं ने ग्राउंड टेस्ट पास कर लिया है उनका दोबारा ये टेस्ट नहीं लिया जाएगा। टेस्ट संबंधित जानकारी सभी आवेदकों को उनके फोन नंबर के जरिए दे दी जाएगी।
आशंका जताई जा रही है कि प्रदेश में कोरोना की तीसरी लहर का आगमन होने वाला है। इस वजह से प्रशासन द्वारा सख्ती बरतते हुए जिले में कुछ कोरोना संबंधित पाबंदियां लगाई गई हैं। उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने आज यानी सोमवार को हुई प्रेसवार्ता में इस संबंध में जानकारी दी।
जानें क्या लिए गए निर्णय-
उपायुक्त से प्राप्त जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार के तहत सरकारी कार्यालय एवं लोकल बॉडीज सप्ताह के पांच दिन 50 प्रतिशत स्टाफ की क्षमता के साथ कार्य करेंगे। शनिवार और रविवार को बंद रहेंगे। हालांकि, पुलिस, दमकल, पानी, बिजली, स्वास्थ्य विभाग पहले के जैसे ही काम करेंगे। जिला में लंगर, भंडारे बंद रहेंगे। खुले स्थानों पर 300 लोगों और पचास प्रतिशत की क्षमता के साथ कार्यक्रम की अनुमति रहेगी। कार्यक्रम के आयोजन हेतु लोगों को आनलाइन पंजीकरण करना होगा।
सार्वजनिक स्थानों पर मास्क, शारीरिक दूरी आदि नियमों का पालना करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति इन नियमों का उलंघन करता है तो उसका चालान किया जाएगा।
पंचायत स्तर पर सोशल गेदरिंग और लंगर भंडारों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए पंचायत प्रधानों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
व्यापारिक गतिविधियों को लेकर राज्य सरकार निर्णय लेगी। उसे लागू किया जाएगा।
सिनेमा घर पूर्णयतया बंद हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सीएमओ डॉ रमन कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में अबतक कोरोना के कुल केसिस 14975 हैं जिनमें से 14510 ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में कोरोना संक्रमितों के 200 एक्टिव केस हैं। जो हफ्ते पहले 18 थे।
उन्होंने बताया कि जिले में होम आइसोलेशन में 187 संक्रमित हैं, जबकि फोरन ट्रेवलर 564 में से 303 के कोरोना टेस्ट किए गए हैं। इनमें से छ की रिपोर्ट पाजिटिव आई है, जिनके सैंपल ओमिक्रोन टेस्टिंग के लिए भेजे गए हैं।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जिला में टीकाकरण अभियान के तहत अबतक 15-18 साल वर्ग के बच्चों में से 28052 को पहली डोज लग चुकी है। उधर, 18 से ऊपर वालों को पहली डोज 443013 व सेकेंड डोज 434724 लगी है। टोटल सेकेंड डोज़ 471065 अब तक लग चुकी हैं। बूस्टर डोज की शुरुआत भी कर दी गई है।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks