शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में चुनाव का आयोजन किया जाना है। इससे पहले सभी राजनीतिक दल अभी से समीकरणों को सुधारने के लिए रस्साकशी करने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में मिशन रिपीट की आस लगाए बैठी भारतीय जनता पार्टी भी बड़े बदलाव करने के मूड में है।
सीएम ने खुद कहा था- बदलेगा कैबिनेट
हाल ही में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा था कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का परिणाम दस मार्च को आएगा, लिहाजा इसके बाद ही मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा।
कांगड़ा के दो मंत्रियों की जाएगी कुर्सी
इस सब के बीच एक रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें बताया जा रहा है तीन मौजूदा मंत्रियों का पत्ता कट सकता है। इनमें दो मंत्री जिला कांगड़ा से संबंधित हैं, जबकि एक जनजातीय क्षेत्र से हैं। तीन में दो पहले भी मंत्री रह चुके हैं, जबकि तीसरे पहली बार मंत्री बने हैं। इन तीन मंत्रियों की जगह नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। कांगड़ा से संबंध रखने वाले दो मंत्रियों को भाजपा संगठन में दायित्व दिया जा सकता है।
इन तीन नए चेहरों को मिल सकती जिम्मेदारी
नए संभावित मंत्रियों में कांगड़ा से ही संबंध रखने वाली भाजपा विधायक रीता धीमान के नाम पर भी विचार हो सकता है। इसके अलावा चंबा से विक्रम सिंह जरियाल का दर्जा बढ़ाकर उन्हें मंत्री बनाया जा सकता है। मंडी जिला से एक नए चेहरे को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। सुंदरनगर से विधायक राकेश जम्वाल का नाम इस फेहरिस्त में आगे माना जा रहा है।
बिखरी कांग्रेस का लाभ उठाना चाहती है भाजपा
इस समय विपक्ष पूरी तरह से बिखरा हुआ है। कांग्रेस के पास मजबूत नेतृत्व की कमी है। वीरभद्र सिंह के देहांत के बाद कांग्रेस के पास कोई कदावर नेता मौजूद नहीं है, जो सभी को एक साथ लेकर पार्टी को विधानसभा चुनाव में जीत दिला सके। ऐसे में भाजपा विपक्ष की कमजोरी का लाभ उठाना चाहती है। जिसके लिए भाजपा कोई भी कदम उठा सकती है।
0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks