कुल्लूः हिमाचल प्रदेश पुलिस की विशेष टीम ने गश्त के दौरान एचआरटीसी बस सवार एक युवक के पास से चरस की खेप बरामद की है। मामला प्रदेश के कुल्लू जिले के तहत बजीर बावड़ी का है। आरोपित तस्कर की पहचान 35 वर्षीय राकेश कुमार निवासी गांव डीम डाकघर जाओं तहसील आनी जिला कुल्लू के तौर पर हुई है।
पुलिस को देख घबराया:
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस की विशेष टीम ने बीते सोमवार को बजीर बावड़ी के समीप नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान टीम द्वारा आनी से रामपुर की ओर जा रही परिवहन निगम की बस को चेकिंग के लिए रोका गया।
चेकिंग के दौरान बस की सीट नंबर 5 में सवार एक युवक पुलिस को देख घबरा गया और अपने हाथ में लिए पिट्टू बैग को छुपाने का प्रयास करने लगा। इस पर पुलिस टीम ने शक के आधार पर जब उसके बैग की तलाशी ली तो उन्हें उसके पास से तीन किलो 228 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने दिया ये बयान:
इस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बरामद नशे को अपने कब्जे में लेकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: HRTC की सौगात: वोल्वो से आए शिमला तो लोकल बस में यात्रा मुफ्त
बताया जा रहा है कि युवक आनी के तराला जोत होकर पैदर बागीपुल पहुंचा जहां से वह निगम की बस में सवार हुआ। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरुदेव शर्मा ने की है।
उन्होंने बताया कि युवक को न्यायालय में पेश करने के बाद पूछताछ की जाएगी वह चरस की ये खेप कहां से व किसे बेचने के लिए लाया था।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks