कांगड़ाः हिमाचल प्रदेश में अपने भाई की मौत होने पर पैतृक गांव जा रहे बुजुर्ग दंपत्ति की स्कूटी को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि महिला गंभीर रुप से घायल बताई जा रही है। हादसा कांगडा जिले स्थित रानीताल मुबारिकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लोअर सुनहेत का बताया जा रहा है।
मृतक बुजुर्ग की पहचान 70 वर्षीय सतपाल निवासी गांव सिहुंता, नकेड खड्ड के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक सतपाल के भाई की कुछ दिन पहले ही मृत्यु हुई थी और इसी लिए उन्होंने बुधवार यानी आज हरिद्वार जाना था।
गंभीर बताई जा रही है पत्नी की हालत
इसके चलते वे बीते कल यानी मंगलवार देर शाम स्कूटी पर सवार होकर अपनी पत्नी कमलेश संग पैतृक गांव बड़ा जा रहे थे। इस दौरान जब रास्ते में वह लोअर सुनहेत के पास पहुंचे तो उनकी स्कूटी को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
जबकि इस हादसे में दंपत्ति गंभीर रुप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार हेतु देहरा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने सतपाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि उनकी पत्नी का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
फरार चल रहा है ट्रक ड्राइवर
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक बुजर्ग के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैष इसके साथ ही हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
मामले की पुष्टि डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने की है। उन्होंने बताया पुलिस मामले की जांच कर रही है शीघ्र ही ट्रक को ट्रेस आउट कर जल्द ही आरोपित ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks