हमीरपुरः हिमाचल प्रदेश में एक शख्स पर नशे में धुत होकर एक महिला पर हमला कर उसकी अंगुली चबाने का आरोप लगा है। मामला प्रदेश के हमीरपुर जिले स्थित पुलिस थाना नादौन के तहत पड़ती जलाड़ी पंचायत के होड़ गांव का है। इसकी शिकायत महिला ने पुलिस थाना में दर्ज करवाई है।
आंगन में खड़ी थी सास-बहू:
पुलिस में दी शिकायत में सुरेश कुमारी पत्नी उधम सिंह ने बताया कि वह अपने घर के आंगन में अपने जेठ की बहू ममता देवी के साथ खड़ी हुई थी। इस दौरान रामचंद्र पुत्र मिलखी राम उनके आंगन में आ पहुंचा और उनके साथ गाली-गलौच करने लगा।
इस पर जब महिला ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने ममता को जोर से धक्का दे दिया। इस बीच आरोपित ने ममता के हाथ की एक अंगुली अपने दांतो में बुरी तरह चबा डाली। ये सब करने के बाद भी आरोपित बाज नहीं आया और उसने उनके घर में तोड़फोड़ करना शुरु कर दिया।
शोर मचाने पर पहुंचे लोग:
इस दौरान उनके शोर मचाने पर परिजनों सहित आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जिन्होंने उन्हें आरोपित के चंगुल से बचाया। वहीं, मिली शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: ट्रक वाले ने पहिए के नीचे कुचल दी चालीस जिंदगियां, मौके से हुआ फरार
फिलहाल पुलिस द्वारा महिला का मेडिकल करवाया जा रहा है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी नादौन योगराज चंदेल ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मामले के संबंध में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks