मंडी। कुछ माह बाद होने वाले प्रदेश विधानसभा के चुनाव के लिए टिकटार्थियों की फौज ने भाजपा नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है। टिकटार्थी मिशन रिपीट में बाधक बन भाजपा की उम्मीदों पर पानी फेर सकते हैं।
नहीं मिला टिकट तो लड़ेंगे निर्दल!
टिकट न मिलने की सूरत में कई हलकों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निर्दलीय मैदान में उतरने का मन बना लिया है। मंडी,कुल्लू व लाहुल स्पीति जिले के कई हलकों में टिकट के दावेदार शक्ति प्रदर्शन पर उतर आए हैं। मंडी जिले के सराज व कुल्लू के मनाली हलके को छोड़ अन्य 15 हलकों में कई कार्यकर्ताओं ने टिकट के लिए अभी से ताल ठोकना शुरू कर दी है।
मंडी सदर से 10 दावेदार
मंडी के सदर हलके में सबसे अधिक 10 दावेदार टिकट पर अपना दावा जता रहे हैं। भाजपा तीन साल में यहां वर्तमान विधायक अनिल शर्मा के चक्रव्यूह में उलझी हुई है। अनिल शर्मा तीन साल से प्रदेश सरकार व भाजपा नेतृत्व को आंखें दिखा रहे हैं,आलम यह है कि भाजपा उन्हें अपना पा रही है, न ही बाहर का रास्ता दिखाने की हिम्मत जुटा पा रही है।
सदर हलके से पंचायत समिति सदर के उपाध्यक्ष भुवनेश ठाकुर, मंडल अध्यक्ष मुनीष कपूर, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री मांचली ठाकुर, सचिव पायल वैद्य, सुमन ठाकुर, पूर्व विधायक डीडी ठाकुर, भाजयुमो जिला अध्यक्ष सोमेश उपाध्याय, अधिवक्ता दीपक ठाकुर,प्रवीण शर्मा व नरेंद्र गुलेरिया टिकट की दौड़ में शामिल हैं।
जोगेंद्रनगर में भी नेताओं की फ़ौज
जोगेंद्रनगर हलके में मंडल अध्यक्ष पंकज जम्वाल, पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, उनकी बहू मेघना ठाकुर व प्रकाश राणा, द्रंग हलके में वर्तमान विधायक जवाहर ठाकुर, ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर, ज्योति कपूर व जया स्वरूप, नाचन हलके में विधायक विनोद कुमार को अधिवक्ता कमलकांत व आइजीएमसी शिमला से सेवानिवृत्त डा ललित चंद्रकांत टिकट के लिए चुनौती दे रहे हैं।
करसोग में कुछ ऐसा है हाल
करसोग हलके में आइटी सेल के दीप कुमार,सुंदरनगर में पूर्व मंत्री रूप सिंह ठाकुर के बेटे अभिषेक ठाकुर भाजपा के लिए सिरदर्द बन सकते हैं।
बल्ह में भी हैं कई दावेदार
बल्ह हलके में सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता संजय धीमान,आइजीएमसी से सेवानिवृत्त एमएस डा रमेश,पूर्व प्रशासनिक अधिकारी बीआर कौंडल व पूर्व जिला महामंत्री चेतराम, सरकाघाट हलके में संगठनात्मक जिला सुंदरनगर के अध्यक्ष दलीप ठाकुर, जिला परिषद सदस्य चंद्रमोहन शर्मा टिकट के प्रबल दावेदारों में शामिल हैं।
धर्मपुर के लिए मंत्री के घर में ही रस्साकसी
धर्मपुर हलके में टिकट के लिए जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के परिवार में ही रस्साकसी चल रही है। महेंद्र सिंह ठाकुर का बेटा रजत ठाकुर व बेटी वंदना गुलेरिया टिकट को लेकर आमने सामने हैं।
लाहुल में भी मंत्री को मिल रही चुनौती
लाहुल स्पीति जिले में तकनीकी शिक्षा मंत्री डा रामलाल मार्कंडेय के लिए भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जवाहर चुनौती पेश कर रहे हैं।
कुल्लू-आनी-बंजार का भी समीकरण समझें
कुल्लू सदर में पूर्व विधायक महेश्वर सिंह के अलावा भाजपा महामंत्री राम सिंह व अमित सूद दावेदार हैं।
आनी हलके के वर्तमान विधायक किशोरी लाल के लिए अनुसूचित जाति मोर्चा कुल्लू जिला के अध्यक्ष मोहन लाल भारती पेंच फंसा सकते हैं।
बंजार हलके में वर्तमान विधायक सुरेंद्र शौरी के अलावा कुल्लू जिला भाजपा अध्यक्ष भीम सेन, हितेश्वर सिंह व मुख्यमंत्री के मीडिया संयोजक पुरुषोत्तम शर्मा दावेदार की फेहरिस्त शामिल है।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks