शिमला। हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। बीते 48 घंटों से हिमाचल प्रदेश के तमाम इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो रही है। आलम , यह है कि जिन जगह पर कई साल से बर्फबारी नहीं हुई थी, वहां, भी बर्फ गिर रही है।
शुक्रवार सुबह सोलन शहर में भी हल्की बर्फबारी शुरू हुई है। इसी तरह शिमला, सिरमौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिले समेत हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है।
थम गया है प्रदेश, बिजली-पानी-सड़क सब प्रभावित
प्रदेश में अभी तीन एनएच दारचा से सरचू, ग्रांफू से लोसर और शिमला-रामपुर समेत 677 सड़कें यातायात के लिए बाधित हैं। इसके अलावा 961 बिजली ट्रांसफार्मर और 98 पेयजल योजनाएं ठप पड़ गई हैं।
प्रदेश में हवाई उड़ानें भी बंद हैं। बारिश व बर्फबारी से पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। लाहौल में हिमस्खलन का क्रम भी जारी है।
कबतक खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने आज भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। आठ फरवरी तक प्रदेश के कई भागों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को भी प्रदेश के मध्यवर्ती और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घण्टों में बर्फबारी का सिलसिला कम होगा।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks