सिरमौरः हिमाचल प्रदेश में लापता चल रहे एक शख्स का शव जंगल से बरामद किया गया है। मामला प्रदेश के सिरमौर जिले स्थित पांवटा साहिब के तारुवाला का है। बताया जा रहा है कि मृतक पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य खराब होने के चलते डिप्रेशन से जूझ रहा था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मृतक ने परेशानी के चलते सुसाइड किया है।
ना पहनी चप्पल, ना लेकर गए पर्स
मृतक की पहचान नरेश शर्मा के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक नरेश शर्मा बीते कल अपनी कार में सवार होकर घर से निकले थे। निकलते वक्त ना तो उन्होंने कोई चप्पल पहनी थी और ना ही अपना पर्स साथ ले गए थे।
लावारिस हालत में मिली कार
इस दौरान काफी समय बीतने के बाद भी जब वो घर नहीं लौटे तो परिजन उन्हें तलाशने निकले। जांच के दौरान नरेश शर्मा की कार बीती शाम धारटीधार के बाईला के पास लावारिस हालत में बरामद हुई। इसके बाद से ही उक्त शख्स की तलाश जंगल में की जा रही थी, परंतु अंधेरा होने के चलते सर्च अभियान को बीच में ही रोकना पड़ा था।
आज सुबह हुआ शव बरामद
इस बीच आज सुबह पुलिस कर्मियों ने जांच के दौरान जंगल से नरेश की देह बरामद की। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस आगामी कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंताजर कर रही है। इसके उपरांत ही मौत के असल कारण स्पष्ट हो पाएंगे।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks