शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के तहत कार्यरत 2555 शिक्षकों को विभाग के अधीन लाने के लिए कार्य शुरू हो गया है। 14 फरवरी को प्रस्तावित मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी। पालिसी के क्लाज-9 व 10 को हटाया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने इसकी फाइल तैयार कर विधि विभाग को भेजी है। सरकार एसएमसी शिक्षकों को सीधे नियमित नहीं कर सकती है। इस कारण सरकार को एसएमसी पालिसी-2009 में बदलाव करना पड़ रहा है। बुधवार को एसएमसी शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर से मिला। शिक्षा मंत्री ने विभाग को निर्देश दिए कि इस पर जल्द कार्य कर मंत्रिमंडल की बैठक में प्रस्ताव लाया जाए।
हड़ताल व ओकओवर का नहीं होगा घेराव
एसएमसी शिक्षक संघ ने नियमितिकरण की मांग के समर्थन में आंदोलन की चेतावनी दी थी। संघ का कहना था कि सरकार ने 14 फरवरी तक मांगों को पूरा नहीं किया तो वे परिवार के सदस्यों के साथ राज्य सचिवालय व मुख्यमंत्री आवास ओकओवर के बाहर धरना-प्रदर्शन कर क्रमिक अनशन शुरू करेंगे।
मुख्यमंत्री से आश्वासन मिलने के बाद संघ ने प्रस्तावित हड़ताल स्थगित कर दी है। संघ के अध्यक्ष मनोज रौंगटा ने कहा कि हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी है। मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया है कि जल्द उनके लिए स्थायी नीति बनाई जाएगी।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks