कांगड़ाः हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार में अब महिलाएं भी संलिप्त पाई जा रही हैं। इसी कड़ी में नारकोटिक्स सेल की टीम ने दबिश देते हुए एक महिला के घर से नशीली दवाईयों समेत नकदी बरामद की है। मामला प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित पुलिस थाना ढांगू के गांव माजरा का है।
इलाके में बेचती थी नशा
बताया जा रहा है कि आरोपित महिला इलाके में नशे का अवैध कारोबार करती थी। महिला तस्कर की पहचान सुनीता देवी निवासी गांव माजरा के तौर पर हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक नारकोटिक्स सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी हामिद मोहम्मद के नेतृत्व में आरोपित महिला के घर पर दबिश दी।
बरामद किए नशीले कैप्सूल व नकदी
इस दौरान चलाए गए सर्च अभियान में टीम ने महिला के पास से 511 नशीले कैप्सूलों सहित 7100 रुपए नकदी बरामद की।
उधर, पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बरामद नशे व नकदी को अपने कब्जे में लेकर महिला को हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही पुलिस द्वारा मामले के संबंध में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की पुष्टि डीएसपी नूरपुर सुरिन्द्र शर्मा ने की है।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks