शिमला: हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय शिमला में आयोजित की गई। बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। रोजगार के भी कई विकल्प खोले गए हैं।
भरे जाएंगे 300 पद:
कैबिनेट ने विभिन्न विभागों में विभिन्न श्रेणियों के करीब 300 पदों के सृजन व भरने की मंजूरी दी है। स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों समेत विभिन्न विभागों में नए मंडल खोलने व अपग्रेड करने की मंजूरी दी है।
17 फरवरी से सभी विद्यार्थियों की कक्षाएं लगाने की मंजूरी दे दी गई है। प्रदेश अग्निशमन सेवा में राज्य कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से अनुबंध आधार पर उप अग्निशमन अधिकारी के आठ पद सृजित कर भरने की स्वीकृति दी गई।
फायर पोस्ट में रोजगार के विकल्प:
कांगड़ा जिले के धीरा, चंबा के भटियात और मंडी के रिवालसर में तीन नए उप अग्नि केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया। शिमला के चिड़गांव, हमीरपुर के भोरंज और अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में तीन नई फायर पोस्ट खोलने को मंजूरी दी।
प्रत्येक नव सृजित उप अग्नि केंद्र के लिए उप अग्निशमन अधिकारी का एक पद, लीडिंग फायरमैन के दो पद, फायरमैन के 14, चालक और पंप ऑपरेटर के छह पद भरने का निर्णय लिया है।
प्रत्येक नवगठित फायर पोस्ट के लिए लीडिंग फायरमैन का एक पद, फायरमैन के 12 पद और चालक और पंप ऑपरेटर के चार पदों का सृजन होगा।
प्रत्येक उप अग्निशमन केंद्रों के लिए एक टाइप, बी वाटर टेंडर, एक वाटर ब्राउजर और एक कार्बन डाईऑक्साइड वाहन और प्रत्येक नव गठित फायर पोस्ट के लिए एक टाइप, बी वाटर टेंडर और एक त्वरित प्रतिक्रिया वाहन स्वीकृत किए हैं।
किन्नौर-कुल्लू में नया जलशक्ति मंडल:
जिला सोलन के चंडी में लोक निर्माण विभाग के उपमंडल को खोलने और विभिन्न श्रेणियों के सात पदों को सृजित कर भरने को भी स्वीकृति दी है।
किन्नौर जिले के सांगला में जल शक्ति उप मंडल खोलने, करछम में एक नए जल शक्ति मंडल खोलने की मंजूरी दी। इन कार्यालयों के लिए विभिन्न श्रेणियों के चार पदों को भरने की भी मंजूरी दी।
किन्नौर जिले में जलशक्ति मंडल रिकांगपिओ के तहत सांगला में जल शक्ति उप मंडल और कड़छम में नया जल शक्ति अनुभाग खोलने का निर्णय लिया गया। इन कार्यालयों के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के चार पदों का सृजन कर उन्हें भरने को स्वीकृति दी गई।
जिला कुल्लू के मनाली विधानसभा क्षेत्र के कटराईं में जल शक्ति मंडल और बंजार विधानसभा क्षेत्र के बजौरा में जलशक्ति उपमंडल खोलने का निर्णय लिया। इस मंडल के तहत नए अनुभाग के सृजन और इस कार्यालय के संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 21 पदों के सृजन को मंजूरी दी।
50 नए एंबुलेंस की खरीदी:
बैठक में त्वरित देखभाल मरीजों को निशुल्क परिवहन सेवा देने के लिए राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा 108 के तहत 50 अतिरिक्त एंबुलेंस खरीदने और संचालन को मंजूरी प्रदान की गई। सरकार के इस फैसले से मरीजों को राहत मिलेगी। वर्तमान स्वास्थ्य विभाग के बेड़े में 150 से ज्यादा एंबुलेंस हैं।
इसके साथ ही कैबिनेट ने जिला लाहौल- स्पिति के उदयपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को नागरिक अस्पताल में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया गया। जिला मंडी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छोलथड़ा, सजाओं तथा छोलगढ़ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया गया।
इन केंद्रों के संचालन के लिए विभिन्न श्रेणी के 16 पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने जिला मंडी के बकराता दरपा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को खोलने की भी स्वीकृति प्रदान की है।
इस केंद्र के संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के तीन पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। जिला लाहौल- स्पिति के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काजा को नागरिक अस्पताल में स्तरोन्नत करने और किमो में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया।
स्कूल हुए अपग्रेड:
कुल्लू जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालय न्योली, मेहा और शालीन को राजकीय उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने तथा मंडी जिला में राजकीय उच्च विद्यालय हराबोई, काहनू, रीचानी, पालाहोटा, चंबी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने तथा कुल्लू जिला में राजकीय उच्च विद्यालय डोगरी, सारी, जिन्दुआर और हलान एक को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्तरोन्नत करने तथा विभिन्न श्रेणियों के 82 पद सृजित करने की स्वीकृति दी।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks