हिमाचलः ससुराल पक्ष से था परेशान, खत्म कर ली जिंदगी; पुलिस को मिला सुसाइड नोट..

Ticker

6/recent/ticker-posts

adv

हिमाचलः ससुराल पक्ष से था परेशान, खत्म कर ली जिंदगी; पुलिस को मिला सुसाइड नोट..

चंबाः हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक व्यक्ति द्वारा ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर फंदा लगाकर आत्महत्या करने की खबर सामने आई है। मामला चंबा जिले स्थित बनीखेत का है। मृतक की पहचान उमित पॉल पुत्र स्व. कर्म चंद निवासी बनीखेत वार्ड नंबर एक के तौर पर हुई है। 

ससुराल पक्ष से था परेशान:

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक उमित पॉल अपने ससुराल वालों से काफी परेशान था। इस बीच बीते रविवार को उमित ने अपने बड़े भाई से किसी जरूरी काम के चलते बाहर जाने को लेकर दुकान ना जाने की बात कही और इसके उपरांत वह सोने के लिए अपने कमरे में चला गया।

अगली सुबह जब मृतक का भाई दुकान में था तो उमित के ससुराल वालों ने उसे कॉल कर कहा कि वह अपना फोन नहीं उठा रहा है और उसके कमरे में जाकर देखें। जब बड़ा भाई आनन-फानन में उमित के कमरे में पहुंचा तो अंदर का मंजर देख उसके पैरों तले जमीन खिस्क गई। उमित फंदे से लटका हुआ है। 

पुलिस को मिला सुसाइड नोट:

उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मृतक शख्स के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

वहीं,  पुलिस को घटनास्थल की जांच के दौरान एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मृतक ने अपनी पत्नी, साला व साली पर उसे प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने बरामद सुसाइड नोट के आधार पर आरोपित ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

फिलहाल पुलिस आगामी कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ