शिमला: हिमाचल प्रदेश में नए जिले नहीं बनेंगे। सीएम जयराम ठाकुर ने तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से सदन में यह लिखित जवाब दिया है।
CM ने दी जानकारी:
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नए जिले नहीं बनेंगे। उन्होंने सदन में बताया है कि सरकार के पास नए जिले बनाने के लिए समय-समय पर प्रतिवेदन मिल रहे हैं। सरकार नए जिले नहीं बना रही है।
इस दृष्टि से जिला पुनर्गठन आयोग बनाने का भी प्रश्न ही पैदा नहीं होता है। यह जवाब सदन के पटल पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और डलहौजी से कांग्रेस विधायक आशा कुमारी की ओर से इस संबंध में संयुक्त सवाल किया गया था।
मंत्री पठानिया करते रहते हैं मांग:
दरअसल, हिमाचल में नए जिले बनाने को लेकर समय समय पर मांग उठती रहती है। 1971 के बाद हिमाचल में नए जिले का गठन नहीं हुआ है। सूबे में मौजूदा समय में 12 जिले हैं।
कैबिनेट में शामिल नूरपुर से भाजपा विधायक और मंत्री राकेश पठानिया समय—समय पर नूरपुर को नया जिला बनाने की मांग करते रहे हैं। लेकिन सरकार की ओर से इस संबंध में अब तक कुछ प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है।
हालांकि, दिसंबर अंत में विधानसभा चुनाव से पहले सरकार इस संबंध में कोई घोषणा कर सकती है। लेकिन अधिकारिक तौर पर अभी कुछ नहीं सामने आया है। अब सीएम ने भी नए जिले बनाने से इंकार किया है। फरवरी महीने में सोशल मीडिया पर नए जिले बनाने को लेकर एक फर्जी नोट भी वायरल हुआ था।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks