मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले स्थित सरकाघाट में एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। बतौर रिपोर्ट्स, यहां सरकाघाट से ब्राडता-भल्याणा रूट से लौट रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की चलती बस का स्टेयरिंग अचानक से खुलकर ड्राइवर के हाथ में आ गया।
इस दौरान बस में कुल 24 यात्री सवार थे। ऐसे में बस ड्राइवर ने होशियारी दिखाते हुए तुरंत बस को ब्रेक लगा दी। इस तरह यहां बड़ा हादसा होते-होते रह गया। बताया जा रहा है कि ड्राइवर ने अगर सही समय पर ब्रेक ना लगाई होती तो बस में सवार लोगों की जान भी जा सकती थी।
जहां स्टेयरिंग खुला- वहां से 100 मीटर पीछे थी खाई
हादसे का शिकार होते-होते बची इस एचआरटीसी की बस का नंबर एचपी-28ए-4583 था। बताया गया कि सरकाघाट के लिए लौटते वक्त भल्याणा से कुछ दूरी पर आते ही बस का स्टीयरिंग ही चालक के हाथ में आ गया। हालांकि चालक ने बिना घबराए तुरंत बस को ब्रेक लगाकर बस को सड़क के बीचों बीच ही खड़ा कर दिया।
बताया यह भी गया कि जिस जगह पर बस का स्टीयरिंग खुला उससे ठीक 100 मीटर पीछे ही खाई थी। ऐसे में अगर पहले स्टीयरिंग में दिक्कत आती तो हादसा बड़ा हो जाता। वहीं, एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक नरेंद्र शर्मा ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वर्कशाप में मरम्मत के लिए आने वाली सभी बसों को परीक्षण के बाद ही रूटों पर भेजा जाता है। बस की तकनीकी खराबी की जांच की जाएगी।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks