ऊनाः हिमाचल प्रदेश में बाइक व स्कूटी के बीच आमने-सामने से टक्कर होने के कारण एक 62 वर्षीय वृद्ध सहित एक युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार एक अन्य युवक का उपचार अस्पताल में चल रहा है। हादसा प्रदेश के ऊना जिले के तहत आते डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप का है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 62 वर्षीय ओमकार शर्मा पुत्र दौलत राम निवासी भडोलियां कलां तथा साहिल मेहता निवासी शिमला के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक ओमकार शर्मा जिला परिषद सदस्य तथा एनएसयूआई के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष करुण शर्मा के पिता हैं।
ट्रिपलिंग करते हुए युवक स्कूटी से टकराए
मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा बीते कल यानी शुक्रवार शाम चार बजे के करीब का है। ओमकार शर्मा स्कूटी पर सवार होकर डीएवी स्कूल के पास से गुजर रहे थे। इस बीच तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर तीन युवक मौके पर आ पहुंची। जिनकी स्कूटी से टक्कर हो गई।
दो की मौके पर गई जान, एक अभी भी बेसुध
टक्कर इतनी जोरदार थी कि इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार एक अन्य युवक गंभीर रुप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से उपचार हेतु सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। युवक अभी भी बेहोस अवस्था में है।
पुलिस कर रही जांच
यह हादसा इतना भीषण था कि इसमे दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
मामले की पुष्टि एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले को लेकर जांच करने में जुटी हुई है।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks