ऊनाः हिमाचल प्रदेश में एक 75 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की खबर सामने आई है। मामला प्रदेश के जिला ऊना के तहत आते नंगड़ा गांव का है। वहीं, बुजुर्ग महिला की मौत के बाद से ही उसका बेटा घर से गायब बताया जा रहा है।
बुजुर्ग महिला की पहचान मेहरो देवी पत्नी स्व. हरमेश चंद निवासी नंगड़ा के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक मृतका पति की मृत्यु के बाद अपने बेटे रोहित संग घर में रहती थी। उनका बेटा नशे का आदी था और इसी वजह से महिला काफी परेशान भी थी।
पड़ोसियों ने अचेत अवस्था में पाया
इस बीच बीते रविवार को सुबह के समय जब महिला नहीं उठी तो उसके पड़ोसियों ने उसको घर में जाकर देखा। इस पर उन्होंने उसे अचेत अवस्था में पड़े हुए पाया। इसकी सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी।
बिसरा रिपोर्ट आने का इंतजार
उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी महिला की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा अब महिला के शव को बिसरा जांच के लिए टांडा भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि बिसरा रिपोर्ट को जांच के लिए टांडा भेजा है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा।
जानें क्या बोले पंचायत प्रधान
इस संबंध में जानकारी देते हुए स्थानीय पंचायत प्रधान ने बताया कि मेहरे देवी काफी समय से अपने बेटे से परेशान थी। पंचायत की ओर से उसकी हर संभव मदद की जाती रही है। उन्होंने कहा कि महिला की मौत पर अभी तक किसी तरह का संदेह नहीं लग रहा। पंचायत पुलिस का पूरा सहयोग दे रही है।
0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks