सोलन। हिमाचल प्रदेश में जारी सड़क हादसों का दौर आज भी जारी रहा। इसी कड़ी में ताजा अपडेट सूबे के सोलन जिले से सामने आ रही है। यहां शिमला-कालका राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेश आए ताजा हादसे में पर्यटकों की एक कार पहाड़ से टकराने के बाद खाई में जा समाई।
हादसे के वक्त वाहन में कुल 6 लोग सवार थे। इनमें से एक की जान चली गई। जबकि, अन्य 5 गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वाहन में सवार सभी लोग हरियाणा के रहने वाले थे। जो कि एचआर 26 बीसी- 9901 नंबर फॉर्च्यूनर गाड़ी में चरखी दादरी से शिमला घूमने आए हुए थे।
शिमला से घूमकर लौट रहे थे
शिमला घूमने के बाद चंडीगढ़ की तरफ जाते वक्त शिमला-कालका राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह के वक्त यह हादसा हो गया। हादसे के बाद वाहन में सवार सभी लोगों को इलाज के लिए कंडाघाट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तबतक काफी देर हो चुकी थी और अस्पताल पहुंचने पर एक घायल युवक को डॉक्टर्स द्वारा मृत घोषित कर दिया गया।
19 वर्षीय युवक ने गंवाई जान, बाकी घायल
जान गंवाने वाले युवक का नाम सुमित था, जिसकी उम्र 19 साल थी। वहीं, घायल हुए अन्य युवकों का नाम भविष्य, मयंक, श्याम सुंदर, आयान और दीपक बताया गया है। इस बीच हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमोर्टम के लिए भेज दिया है।
इसके साथ ही साथ कंडाघाट पुलिस ने इस हादसे के सम्बन्ध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हादसे की पुष्टि करते हुए डीएसपी सोलन संतोष शर्मा द्वारा बताया गया कि पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाइ जा रही है।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks