सिरमौरः हिमाचल प्रदेश में एक 5 वर्षीय बच्ची की सांप के डसने के कारण मौत हो गई। मामला प्रदेश के सिरमौर जिले के तहत आते राजगढ़ उपमंडल का है। बच्ची का नाम सोनम है जो कि डाकघर भूज्जल के गहनोग गांव की रहने वाली बताई जा रही है।
मामा के घर आई थी बच्ची
मिली जानकारी के मुताबिक सोनम अपनी मां संग धरोटी नामक स्थान पर स्थित अपने मामा के घर आई हुई थी। इस दौरान जब बच्ची रात करीब 1.30 बजे अपनी मां के साथ कमरे में सोई हुई थी तो अचानक से कमरे में कहीं से सांप घुस आया और उसने सोई हुई बच्ची को डस लिया।
खिड़की से सांप को जाते देखा
इस पर बच्ची जोर से चिल्लाई। बेटी के चिल्लाने की आवाज सुनकर मां उठ खड़ी हुई। लाइट ऑन कर जब मां ने बेटी को देखा तो इस बीच उसकी नजर खिड़की से बाहर जाते हुए सांप पर गई। इस पर महिला ने अपने भाई को इसकी जानकारी दी और फिर बच्ची को आनन-फानन में उपचार हेतु राजगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचाने से पहले निकले प्राण
इस बीच बच्ची बेहोश हो गई। उधर, अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची, जिन्होंने बच्ची के शव को अपने कब्जे में लेर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा ने की है।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks