शिमलाः हिमाचल प्रदेश में पेश आ रहे सड़क हादसे कहीं से भी थमते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला प्रदेश की राजधानी शिमला के तहत आते सुन्नी थाना क्षेत्र के चाबा का है। जहां से एक बोलेरो कैम्पर के अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में समाने की खबर सामने आई है। हादसे के वक्त वाहन में दो लोग सवार थे, जो लापता बताए जा रहे हैं।
राजस्थान निवासी हैं दोनों
लापता लोगों की पहचान रामलाल तथा अंबा लाल निवासी राजस्थान के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि रामलाल पेशे से ठेकेदार हैं, जबकि अंबा लाल मजूदर के तौर पर रामलाल के पास काम करता है।
साइट विजिट कर लौट रहे थे
मिली जानकारी के मुताबिक बसंतपुर में सड़क की मेटेलिंग का कार्य चल रहा है। इस कार्य का जिम्मा ठेकेदार रामलाल को सौंपा गया है। इस बीच बीते कल यानी रविवार को दोपहर के समय जब रामलाल साइट विजिट कर अंबा लाल के साथ वाहन नंबर HR 48-2608 में सवार होकर वापस लौट रहा था तो रास्ते में चाबा के पास उसका वाहन पर से नियंत्रण छूट गया।
नहीं लग पाया कोई सुराग
इस वजह से वाहन अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में जा समाया। नदी में गिरते ही वाहन लापता हो गया। उधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस व प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ की टीम दोनों व्यक्तियों को तलाशने में जुटी हुई है। हालांकि, अभी तक दोनों का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks