कांगड़ाः हिमाचल प्रदेश स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस हादसे का शिकार हो गई। घटना प्रदेश के कांगड़ा जिले के तहत आते पुलिस थाना देहरा के कोटला बेहड़ के दुरंगाई क्षेत्र की है। बताया जा रहा है हादसे के वक्त बस में एक ही परिवार के 20 सदस्य मौजूद थे। गनीमत यह रही की बस खाई की ओर नहीं पलटी अन्यथा कोई बड़ा हादसा पेश आ सकता था।
दो महिलाएं व बालक गंभीर
इस हादसे में बस सवार 12 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार सिविल अस्पताल डाडासीबा पहुंचाया गया है। वहीं, घायल हुए श्रद्धालुओं में तीन की हालत ज्यादा गंभीर होने के चलते उन्हें आगामी उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है। इसमें दो महिलाएं तथा एक बालक शामिल है।
यूपी निवासी हैं सभी
मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के बदायूं गांव बांस बलौलिया के रहने वाला एक परिवार चिंतपूर्णी माता मंदिर में माथा टेकने आए हुए थे। इस बीच जैसे ही वह मां के दर्शन कर वापस लौट रहे थे तो रास्ते में जब वह दुरगांई क्षेत्र के पास पहुंचे तो अचानक चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। इस वजह से बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
पुलिस कर रही जांच
घायलों की पहचान अंश तोमर, लता चौहान, सुजाता सिंह, कुसुम, नितिन, पायल तोमर, वैष्णवी, आस्था, युग तोमर, रोनक तोमर, अक्षिका, रूबी तोमर, अनुपम के तौर पर हुई हैं। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा-ज्वालामुखी चंद्रपाल ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मामले के संबंध में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।



0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks