लाहुल स्पीतिः हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर 108 आपातकालीन एंबुलेंस में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। मामला प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल स्पीति के केलांग का है।
मिली जानकारी के मुताबिक इलाके की शर्मिला नाम की एक गर्भवती महिला को प्रसूति के लिए केलांग अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इस बीच बीती रात करीब 11:45 बजे अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने उसे आगामी उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल रेफर कर दिया।
रास्ते में उठा दर्द, ईएमटी व पायलट ने करवाई डिलीवरी
वहीं, जब महिला को एंबुलेंस के माध्यम से कुल्लू अस्पताल ले जाया जा रहा था तो रास्ते में ही महिला को प्रसव की दर्द होना शुरु हो गया। इस पर मौके की नजाकत को भांपते हुए ईएमटी लक्ष्मीचंद तथा पायलट सुरेश कुमार ने तंदु नामक स्थान पर रात करीब साढ़े 12 बजे महिला का सफल प्रसव करवाया।
डिलीवरी के बाद दोनों को वापस केलांग अस्पताल ले जाकर भर्ती करवाया गया। मां और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। उधर, महिला के पति ने एंबुलेंस स्टाफ का आभार जताया है।
पहले भी एंबुलेंस में जन्म ले चुके हैं बच्चे
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब किसी महिला की डिलीवरी एंबुलेंस में हुई हो। इससे पहले भी कई महिलाएं एंबुलेंस में बच्चे को जन्म दे चुकी हैं। परंतु सोचने वाली बात यह है कि जिन मामलों को गंभीर बताते हुए चिकित्सकों द्वारा आगे रेफर किया जाता है। उन्हीं की एंबुलेंस में सफल प्रसूति करवाई जाती है।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks