हिमाचलः कल तो खूब हुई बारिश, अब आज और आने वाले दिनों का हाल यहां जानें

Ticker

6/recent/ticker-posts

adv

हिमाचलः कल तो खूब हुई बारिश, अब आज और आने वाले दिनों का हाल यहां जानें


शिमलाः
हिमाचल प्रदेश में प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। बीते कल प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम वर्षा हुई है। वहीं, आज भी प्रदेश में मौसम के खराब रहने की संभावना है। राजधानी शिमला स्थित मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में आगामी चार दिनो तक मौसम यूं ही खराब रहेगा। विभाग की ओर से प्रदेश में अंधड़ चलने व बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

आज व कल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला व सिरमौर जिले में भारी बारिश की संभावना है। इससे पानी, बिजली व संचार सेवाएं बाधित हो सकती हैं। भारी बारिश से भूस्खलन की भी संभावना है। 18 जून तक प्रदेश के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में बारिश जारी रहने के आसार हैं, जबकि 21 जून तक प्रदेश में मानसून के पहुंचने के भी आसार हैं।

तापमान में आई कमी

उधर, इस संबंध में जानकारी देते हुए मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि बारिश होने के चलते प्रदेश के न्यूनतम व अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की कमी आएगी। इसके अलावा नदी नालों का जलस्तर भी बढ़ गया है। यही नहीं बारिश के कारण प्रदेश के कई जंगलों में सुलगी आग भी शांत हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्षा होने से पानी के स्त्रोत चार्ज हुए हैं। इससे लोगों को राहत मिलेगी और पेयजल की समस्या जल्द ही सामान्य होगी।

बादल फटने से घरों में घुसा मलबा

बता दें कि बीते कल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई है। झमाझम बारिश के चलते प्रदेश में तबाही व भूस्खलन का दौर भी शुरु हो गया है। बता दें कि कुल्लू में गडसा घाटी में बादल फटने से कई घरों में पानी व मलबा घुस गया है। इससे पहले भी शिल्हानाल में बादल फटा था।

इस वजह से हाइडल प्रोजेक्ट की वर्क साइट पर काम करने वाले मजूदरों की जान भी चली गई थी। इसके अलावा राजधानी शिमला सहित धर्मशाला, कुल्लू, मनाली, भुंतर में बुधवार शाम को बारिश हुई। मंडी जिले के सराज और चौहारघाटी में भारी ओलावृष्टि होने से फसलों को नुकसान हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ