ऊना। हिमाचल प्रदेश में आज सुबह के ही वक्त से बस हादसों का दौर जारी है। इसी कड़ी में ताजा हादसे की खबर सूबे के ऊना जिले से सामने आई है, जहां एक टूरिस्ट बस हादसे का शिकार हो गई। आज दोपहर एक बजे के करीब पेश आए इस हादसे में यह बस अनियंत्रित होकर पहाड़ी से जा टकराई।
भक्तों को माता चिंतपूर्णी का दर्शन करवाने आई थी बस
बताया गया कि यह बस आज गुरूवार के दिन कुछ भक्तों को माता चिंतपूर्णी का दर्शन करवाने के लिए आई हुई थी। गनीमत इस बात की रही कि हादसे के वक्त वाहन में यात्री सवार नहीं थे। अन्यथा बड़ा हादसा पेश आ सकता था। वहीं, दूसरी तरफ बस का ड्राइवर भी बाल बाल बच गया है।
कंडक्टर ने बताया, क्यों हुआ हादसा
बतौर रिपोर्ट्स, जम्मू कश्मीर से भारद्वाज कंपनी की टूरिस्ट बस महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं को लेकर दोपहर के वक्त शंभू बैरियर के पास पहुंची थी। यहां से सभी यात्री माता चिंतपूर्णी के दर्शन को चले गए थे। इसके बाद बस का ड्राइवर उतराई उतर कर बस को एक जगह पर खड़ी करने लगा, तभी यह हादसा हो गया।
बताया गया कि यहां बस अनियंत्रित होकर सड़क के एक तरफ पहाड़ी से जा टकराई। यहां बस का अगला हिस्सा पहाड़ी से टकराने के बावजूद ड्राइवर सकुशल बच गया। हालांकि, इस टक्कर में बस को अच्छा-ख़ासा नुकसान जरूर हुआ है। वहीं, बस के कंडक्टर मोहित ने इस हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उतराई होने के कारण ड्राइवर बस का गियर नहीं बदल पाया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
कंडक्टर ने आगे कहा कि चिंतपूर्णी दर्शन करने के बाद बस में आए श्रद्धालुओं को अमृतसर जाना था, लेकिन बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण अब श्रद्धालुओं को ले जाने के लिए दूसरी बस का बंदोबस्त किया जा रहा है।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks