शिमलाः हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम खराब बना हुआ है। प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। इस सब के बीच राजधानी शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में 21 जून तक मौसम यूं ही बने रहने की संभावना है।
11 जिलों में जारी है अलर्ट
विभाग ने लाहुल स्पीति को छोड़कर वाकी सभी जिलों में 21 जून तक बारिश व आंधी चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। प्री मानसून की बारिश के चलते प्रदेश की जनता को गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश के तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
यहां हुई बर्फबारी
तापमान में आई गिरावट के चलते प्रदेश के उच्च पर्वतीय इलाकों जैसे मनाली, लाहुल-स्पीति, हनुमान टिब्बा, देऊ टिब्बा, सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, मांगन कोट, शोतीधार, शलीण धार, शिरघन तुंग, मकरवे, शिकरवे आदि जगहों पर बर्फबारी हुई है।
फसलों के लिए संजीवनी बनी बारिश
उधर, भारी बारिश के कारण कई जगहों पर नुकसान भी हुआ है। चार मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि फलों की खेती के लिए ये वर्षा काफी लाभदायक मानी जा रही है। भीषण गर्मी के कारण किसानों के चेहरे काफी मायूस हो गए थे। वहीं, अब प्री मानसून की ये बारिश प्रदेश के किसानों के लिए संजीवनी बन कर आई है।
पर्यटकों की बढ़ी तादात
बात करें आज की तो आज राजधानी शिमला समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से ही बूंदाबांदी हो ही है। बारिश के चलते वातावरण में ठंडक बढ़ गई है। मौसम सुहावना बना हुआ है। इसी के चलते प्रदेश में पर्यटकों की तादाद में भी इजाफा हुआ है। भारी संख्या में लोग घूमने के लिए पहाड़ी इलाकों का रुख कर रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks