मंडी। हिमाचल प्रदेश में जारी सड़क हादसों का दौर कहीं से भी थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है। इसी कड़ी में ताजा हादसा सूबे के मंडी जिले से रिपोर्ट किया गया है, जहां पेश आए सड़क हादसे में एक महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। बतौर रिपोर्ट्स, यह हादसा उस वक्त पेश आया जब परिवार के लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर को लौट रहे थे।
पार्क करने के दौरान बैक हुई जीप
वहीं, घर के पास पहुंचने के बाद जैसे ही जीप चालक ने वाहन को पार्क करने के लिए किनारे लगाया। तभी अचानक से वाहन खुदबखुद बैक होकर पीछे की तरफ चल पड़ा और नीचे गहरी खाई में जा गिरा। बताया गया कि खाई की गहराई करीब 300 मीटर होने के कारण जीप नीचे गिरने से वाहन में सवार मां बेटे की जान चली गई।
इसके अलावा जीप चालक, उसकी बेटी और गाड़ी में सवार एक अन्य लड़की गंभीर रूप से घायल हुई है। इन सभी को इलाज के लिए मंडी जोनल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जान गंवाने वाली महिला का नाम 34 वर्षीय गुड्डी देवी और उसके 11 वर्षीय बेटे का नाम ईशान था। इन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
रात करीब 1 बजे हुआ यह हादसा
वहीं, गुड्डी देवी का पति कुलांदर गांव निवासी काकू और उसकी बेटी के साथ एक अन्य युवती इस हादसे का शिकार हुई है। बताया गया कि काकू का पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने नगरोटा गया हुआ था। वहां से लौटने के बाद यह हादसा रात करीब 1 बजे पेश आया।
उधर, हादसे का पता चलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक मां बेटे के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमोर्टम करवाने के बाद परिवार के हवाले कर दिया है। इसके साथ ही इस हादसे के सम्बन्ध में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे की पुष्टि एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री द्वारा की गई है।




0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks