कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में मानसून की एंट्री होने के साथ ही तबाही का दौर भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भूस्खलन-बाढ़ और बादल फटने की ख़बरें सामने आने लगी हैं।
कुल्लू जिले के मणिकर्ण में बादल फटने की वजह से बाढ़ आने की खबर है। बताया जा रहा है कि बाढ़ की चपेट में पुल मकान और रेस्टोरेंट भी आए हैं।
बतौर रिपोर्ट्स, बाढ़ में तीन कैंपिंग साइट बह गई हैं। इसके अलावा छह कैफे, एक होम स्टे व गेस्ट हाउस भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।
इस हादसे में कैंपिंग साइट से फिलहाल चार लोग लापता हैं। वहीं मलाणा की एक महिला जो बाढ़ में बह गई थी उसका शव मिल गया है। लापता लोगों में रोहित निवासी सुन्दरनगर (मंडी ), कपिल निवासी पुष्कर (राजस्थान), राहुल चौधरी धर्मशाला (कांगड़ा) और अर्जुन बंजार (कुल्लू) शामिल हैं।
इस बीच पूरे प्रदेश में मॉनसून की वजह से कम से कम 8 लोगों की मौत की आशंका है। हालांकि, एक मौत की पुष्टि हो चुकी है। गौरतलब है कि शिमला में ढली के पास लैंडस्लाइड में जहां 16 साल की किशोरी की मौत हो गई। वहीं, उसके भाई और बहन घायल हैं। ये अपने परिवार के साथ सड़क किनारे पर सोए हुए थे।
0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks